धामी कैबिनेट का विस्तार। 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ, अब संख्या बढ़कर 12
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट विस्तार करते हुए पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ये बने नए कैबिनेट मंत्री
राज्यपाल ने जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई, उनमें शामिल हैं:-
- भरत चौधरी (रुद्रप्रयाग)
- प्रदीप बत्रा (रुड़की)
- मदन कौशिक (हरिद्वार)
- खजान दास (राजपुर)
- राम सिंह कैड़ा (भीमताल)
अब 12 मंत्रियों की हुई कैबिनेट
इस विस्तार के बाद धामी मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। साल 2022 में सरकार गठन के समय मुख्यमंत्री समेत 9 मंत्रियों ने शपथ ली थी, जबकि कई पद लंबे समय से खाली चल रहे थे।
क्यों जरूरी था विस्तार?
- 2022 से ही 3 पद खाली थे
- 2023 में चंदन रामदास के निधन से एक और पद रिक्त हुआ
- 2025 में प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कुल 5 पद खाली हो गए
- इन सभी खाली पदों को अब भर दिया गया है।
चुनावी रणनीति से जुड़ा फैसला
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस कैबिनेट विस्तार को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार ने इस विस्तार के जरिए क्षेत्रीय, जातीय, महिला और युवा संतुलन साधने की कोशिश की है।
खास बात यह है कि राज्य सरकार के चार साल पूरे होने से ठीक पहले यह विस्तार किया गया, जिससे आने वाले चुनावों के लिए मजबूत संदेश देने की रणनीति साफ नजर आती है।



