दहशत: उत्तराखंड में वन्यजीवों का खौफ। रामनगर में जिप्सी में घुसा अजगर, हरिद्वार की कॉलोनी में दिखा गुलदार

उत्तराखंड में वन्यजीवों का खौफ। रामनगर में जिप्सी में घुसा अजगर, हरिद्वार की कॉलोनी में दिखा गुलदार

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों और पर्यटकों के बीच दहशत का माहौल बना दिया है।

रामनगर में जंगल सफारी के दौरान जिप्सी के अंदर अजगर निकलने से हड़कंप मच गया, वहीं हरिद्वार के रिहायशी इलाके में गुलदार की दस्तक से लोग सहमे हुए हैं।

रामनगर के तराई पश्चिमी वन प्रभाग के हाथीडंगर पर्यटन जोन में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब टूरिस्टों से भरी एक जिप्सी में अचानक एक विशाल अजगर दिखाई दिया।

जिप्सी चालक की सूझबूझ से सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

वहीं हरिद्वार के भेल क्षेत्र से सटी सुभाष नगर कॉलोनी में एक गुलदार के घुस आने से लोगों में दहशत फैल गई। गुलदार की चहलकदमी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

वीडियो में गुलदार गली में घूमता नजर आया और कुत्तों के भौंकने पर वापस जंगल की ओर लौट गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वन विभाग के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जंगल और आबादी के बीच बढ़ती नजदीकियां इंसानों और वन्यजीवों दोनों के लिए खतरा बनती जा रही हैं।