विक्रम शर्मा हत्याकांड में शामिल फरार आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित, पोस्टर जारी
देहरादून। गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे शूटरों और उनके साथियों के खिलाफ दून पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है।
पुलिस ने इस मामले में फरार 6 आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए उनके पोस्टर जारी कर दिए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में नामजद मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत सिटी कंट्रोल रूम देहरादून के नंबर 9411112972 पर संपर्क करें।
सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। इससे पहले आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 13 फरवरी को राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के समय विक्रम जिम से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे शूटरों ने उसके सिर पर पिस्टल सटाकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश करीब छह महीने पहले झारखंड के जमशेदपुर जेल के अंदर रची गई थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को देहरादून बुलाया गया, जहां उन्हें ठहरने, वाहन और अन्य लॉजिस्टिक सपोर्ट स्थानीय नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराया गया।
मामले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने झारखंड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य शूटर समेत 6 आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और सर्विलांस व मुखबिर तंत्र की मदद ली जा रही है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि जल्द गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये तक की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि फरार बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



