मंगोली में 25 कमर्शियल LPG सिलिंडर के साथ पिकअप पकड़ी, चालक फरार
नैनीताल के मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों से भरी एक पिकअप को पकड़ लिया।
इस दौरान चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिससे कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 8 बजे चेकिंग के दौरान यूके 04 सीसी 1896 नंबर की पिकअप को रोका गया।
तलाशी में वाहन से 25 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद हुए। दस्तावेज न दिखाने पर कार्रवाई की जा रही थी, इसी दौरान चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप को सीज कर दिया,
जबकि सभी सिलिंडर खाद्य पूर्ति विभाग को सौंप दिए गए। विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, चालक के परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न और अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सिलिंडरों का गेट पास काशीपुर से शाम 4 बजे जारी हुआ था और इन्हें नैनीताल के स्कूलों व होटलों में सप्लाई के लिए भेजा गया था।
इस मामले में एक और सवाल यह उठ रहा है कि जिला प्रशासन द्वारा रात 9 बजे एसओपी जारी की गई, जबकि उससे पहले ही वाहन सप्लाई के लिए रवाना हो चुका था। ऐसे में पूरे प्रकरण में नियमों के पालन और पुलिस कार्रवाई दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



