बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में गैस संकट गहराया। कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज, सैकड़ों सिलेंडर जब्त और रुद्रपुर में सड़क पर उतरे लोग

उत्तराखंड में गैस संकट गहराया। कालाबाजारी पर कार्रवाई तेज, सैकड़ों सिलेंडर जब्त और रुद्रपुर में सड़क पर उतरे लोग

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। एक तरफ जहां कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है,

वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार के नए नियम और जमीनी स्तर पर सप्लाई की समस्या ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है।

राज्यभर में 9 मार्च से चल रहे अभियान के तहत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अब तक 2,053 निरीक्षण और 72 स्थानों पर छापेमारी की है।

इस दौरान 429 गैस सिलेंडर जब्त, 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही 71,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

इसी बीच, केंद्र सरकार ने गैस वितरण व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन एक साथ रखने पर रोक लगा दी है।

अब जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उन्हें एलपीजी सिलेंडर सरेंडर करना होगा। इस फैसले के दायरे में उत्तराखंड के करीब 44,488 उपभोक्ता आएंगे।

वहीं, उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। कई दिनों से सिलेंडर न मिलने से नाराज महिलाओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बुकिंग और भुगतान के बावजूद उन्हें समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

प्रशासन का दावा है कि सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हालांकि, जमीनी हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, जिससे आम लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।