30 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती, उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा सहारा
देहरादून: उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग को बड़ी मजबूती मिली है। प्रदेश में 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है, जिससे खासतौर पर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मंजूरी के बाद इन डॉक्टरों को उनकी विशेषज्ञता के आधार पर अलग-अलग जिलों में एक यूनिट के रूप में तैनात किया गया है, ताकि बेहतर समन्वय के साथ मरीजों को इलाज मिल सके।
बागेश्वर, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून समेत कई जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।
इनमें जनरल मेडिसिन, सर्जरी, एनेस्थीसिया, ईएनटी, पीडियाट्रिक्स, गायनी समेत कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि पीजी कोर्स पूरा कर लौटे इन चिकित्सकों की तैनाती से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा और मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
साथ ही, चारधाम यात्रा को देखते हुए भी यह फैसला अहम माना जा रहा है, क्योंकि यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।


