बड़ी खबर: प्रेम में हताश युवक ने काटी नस, इधर रेप केस में शिक्षक को 20 साल की सजा

बड़ी खबर: प्रेम में हताश युवक ने काटी नस, इधर रेप केस में शिक्षक को 20 साल की सजा

देहरादून। उत्तराखंड में दो अलग-अलग घटनाओं ने एक ओर पुलिस की तत्परता का उदाहरण पेश किया, तो दूसरी ओर न्याय व्यवस्था की सख्ती भी सामने आई।

पहला मामला कीर्तिनगर क्षेत्र का है, जहां पुराने पुल पर एक युवक ने प्रेम प्रसंग में निराश होकर अपने हाथ की नस काट ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए युवक को अपने वाहन से श्रीकोट हॉस्पिटल, श्रीनगर पहुंचाया।

समय रहते इलाज मिलने से युवक की जान बच गई और अब वह खतरे से बाहर है। युवक की पहचान विपिन, निवासी रानीहाट के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया है।

वहीं, दूसरी घटना देहरादून से सामने आई है, जहां अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजनी शुक्ला की अदालत ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में,

आरोपी शिक्षक जनार्धन बिंजोला को दोषी ठहराते हुए 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

यह मामला 2019 से 2021 के बीच का है, जब आरोपी ने स्कूल के हॉस्टल में रह रही नाबालिग छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया।

पीड़िता को धमकाकर चुप रखा गया। बाद में मामला सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पूरी की और कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की।

अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी को कड़ी सजा दी, जबकि सह-आरोपित महिला को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया।

इन दोनों घटनाओं ने एक ओर जहां पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई को उजागर किया, वहीं न्यायालय के फैसले ने यह संदेश भी दिया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।