विशेष रिपोर्ट: ऋषिकेश में 135 गैस सिलेंडर बरामद, हरिद्वार में 14 स्टोन क्रशर सीज, हल्द्वानी स्टेडियम में बाउंसरों का बवाल

ऋषिकेश में 135 गैस सिलेंडर बरामद, हरिद्वार में 14 स्टोन क्रशर सीज, हल्द्वानी स्टेडियम में बाउंसरों का बवाल

देहरादून। उत्तराखंड में अलग-अलग जिलों से तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जहां एक ओर प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की है, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्थाओं ने सिस्टम पर सवाल भी खड़े किए हैं।

ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक दुकान से 135 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए। सिलेंडरों को कब्जे में लेकर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि गैस की कालाबाजारी की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई।

वहीं हरिद्वार और लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 स्टोन क्रशरों को सीज कर दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर की गई। प्रारंभिक जांच में इन इकाइयों पर करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उधर हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रही लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब वेतन न मिलने से नाराज बाउंसरों ने स्टेडियम के गेट बंद कर दिए। इससे खिलाड़ी और स्टाफ कुछ समय के लिए अंदर ही फंस गए। बाद में आयोजकों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

प्रदेश में एक तरफ प्रशासन अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रहा है, तो दूसरी तरफ व्यवस्थागत खामियां भी उजागर हो रही हैं। इन तीनों घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सिस्टम की चुनौतियों को एक साथ सामने ला दिया है।