शर्मनाक: देहरादून में घर से चल रहा देह व्यापार बेनकाब, महिला सरगना समेत 3 गिरफ्तार

देहरादून में घर से चल रहा देह व्यापार बेनकाब, महिला सरगना समेत 3 गिरफ्तार

देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र के बिंदाल इलाके में पुलिस ने घर में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक महिला सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी महिला अपने घर से ही इस अवैध धंधे का संचालन कर रही थी। वह व्हाट्सएप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर सौदा तय करती थी और अपने सहयोगियों के माध्यम से उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाती थी।

एसएसपी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने गांधी नगर, रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में छापा मारकर इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।

छापेमारी के दौरान घर में महिलाएं और पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले, साथ ही मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर बाहरी राज्यों से बुलाया और फिर उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था।

पुलिस ने रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फूलों खान को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।