चमोली में फार्मर रजिस्ट्री के अतिरिक्त कार्य का विरोध, कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
चमोली (थराली)। कृषि, उद्यान एवं राजस्व विभाग के फील्ड कार्मिकों ने फार्मर रजिस्ट्री के अतिरिक्त कार्य को लेकर विरोध जताया है।
प्रदेश संयुक्त समन्वय समिति के आह्वान पर मंगलवार को जनपद चमोली के थराली और नारायणबगड़ तहसील मुख्यालयों में कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का कहना है कि एग्रीस्टैक और डीसीएस योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य उनसे कराया जा रहा है, जिससे उनके नियमित विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि इस कार्य को फील्ड कार्मिकों से हटाकर अलग व्यवस्था के तहत निजी सर्वेयरों से कराया जाए।
संयुक्त समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई निर्णय नहीं लिया, तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान मिनिस्टीरियल एवं अधीनस्थ राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कर्मचारियों की मांगों के प्रति एकजुटता दिखाई।
धरने में राजस्व निरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद गैरोला, राजस्व उपनिरीक्षक रोबिट सिद्धिकी, अनुज बड़वाल, अचला ध्यानी, योगेंद्र कुंवर, राहुल कुमार, मनीष सिंह, कैलाश नौटियाल, प्राची बिष्ट, मोनिका रावत, निलेश शर्मा, अनिल डोगरा, ईश्वर सिंह, शुभभ पंवार सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।



