देहरादून में JE 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने ऊर्जा निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी बिजली कनेक्शन और लोड बढ़ाने के नाम पर उपभोक्ता से अवैध वसूली कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के तहत बिजली घर पथरी बाग 33/11 केवी में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार को दबोचा।
आरोपी ने शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन देने और लोड बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से उपभोक्ताओं को काम में देरी कर परेशान करता था और रिश्वत मांगता था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
विजिलेंस टीम अब आरोपी की संपत्ति और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।



