बिग ब्रेकिंग: धामी सरकार की कार्रवाई पर त्रिवेंद्र रावत की मुहर, बोले- अवैध खनन से 2 साल में 500 मौतें

धामी सरकार की कार्रवाई पर त्रिवेंद्र रावत की मुहर, बोले- अवैध खनन से 2 साल में 500 मौतें

देहरादून। उत्तराखंड में अवैध खनन के मुद्दे पर अक्सर सरकार को घेरने वाले हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्रवाई की सराहना की है।

हरिद्वार जिले में अवैध खनन से जुड़े कथित पुलिस-मिलीभगत मामले में सरकार द्वारा पूरी पुलिस चौकी के स्टाफ को निलंबित करने के फैसले को उन्होंने सख्त और जरूरी कदम बताया।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जब भी अवैध गतिविधियों में प्रशासन या पुलिस की संलिप्तता सामने आती है, तो उस पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

हरिद्वार में पूरी चौकी के स्टाफ को निलंबित करने से साफ संदेश गया है कि राज्य सरकार अवैध खनन के मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।

उन्होंने अवैध खनन से जुड़ा एक चौंकाने वाला आंकड़ा भी साझा किया। रावत के मुताबिक, उत्तराखंड में पिछले दो वर्षों में अवैध खनन से जुड़ी दुर्घटनाओं और घटनाओं में लगभग 500 लोगों की जान जा चुकी है, जो इस समस्या की गंभीरता को दर्शाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध खनन केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि पर्यावरण, कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा मुद्दा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय इस अवैध कारोबार के पीछे काम कर रहे बड़े नेटवर्क तक पहुंचकर सख्त कदम उठाए जाएं।

रावत ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी।