रहस्यमयी हत्याकांड: बोरे में मिली महिला की गला घोंटकर हत्या, पहचान अब भी अज्ञात

रहस्यमयी हत्याकांड: बोरे में मिली महिला की गला घोंटकर हत्या, पहचान अब भी अज्ञात

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में बोरे में बंद मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। हालांकि अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे यह मामला दून पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बन गया है।

जानकारी के अनुसार, मांडूवाला में बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में लोगों को बोरे में बंद महिला का शव मिला था। शव काफी सड़ी-गली हालत में था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को काफी समय पहले वहां फेंका गया था।

पुलिस का मानना है कि पहले महिला की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर सुनसान जंगल में डाल दिया गया।

पुलिस ने पहचान के लिए करीब 72 घंटे तक इंतजार किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मृतका कौन थी और उसकी हत्या किसने की।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच है। वह लाल साड़ी और नीले चितकबरे शॉल में थी और उसके बाएं हाथ पर टैटू भी बना हुआ था।

इस मामले के खुलासे के लिए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों,

खासकर उन बस्तियों में भी जांच कर रही है जहां बाहरी लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। इसके साथ ही महिला की पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।

गौरतलब है कि देहरादून में फरवरी महीने में ही चार हत्याओं के मामले सामने आए थे। ऐसे में यह नया हत्याकांड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और मृतका की पहचान होने के बाद ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।