उत्तराखंड से जुड़ी घटनाओं ने बढ़ाई चिंता। सड़क हादसा, हत्या की आशंका, चोरी और संदिग्ध मौत
उत्तराखंड और उससे जुड़े इलाकों में सोमवार को कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के चार युवकों की मौत हो गई, वहीं हल्द्वानी में मंदिर चोरी का खुलासा हुआ।
देहरादून में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जबकि रुद्रपुर में ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा रुद्रपुर में ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त होने का मामला भी सामने आया है।
मुरादाबाद हादसे में उत्तराखंड के 4 युवकों की मौत
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास कार और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह (सभी निवासी हल्द्वानी) के रूप में हुई है। घायल युवक यशदीप पांडे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया।
हल्द्वानी में मंदिर चोरी का खुलासा
नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र में मंदिर से चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश और 1580 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवर पाल (दानीबंगर) और नितिन कुमार (काठगोदाम) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
देहरादून में महिला का शव मिलने से सनसनी
राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्ठा इलाके में एक खंडहर के अंदर महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। महिला की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है और फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
रुद्रपुर में ट्रेन से कटकर युवक की मौत
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में 26 वर्षीय युवक करन खेड़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
रुद्रपुर में ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
रुद्रपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक करनदीप सिंह ने ट्रक चालक पर नशे में लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



