बिग ब्रेकिंग: रुड़की में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, आरोपी जावेद गिरफ्तार, तमंचे-पिस्टल समेत भारी सामान बरामद

रुड़की में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, आरोपी जावेद गिरफ्तार, तमंचे-पिस्टल समेत भारी सामान बरामद

रुड़की (हरिद्वार): उत्तराखंड के रुड़की में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने सलेमपुर रोड स्थित एक स्थान पर छापा मारकर हथियार बनाने का गोरखधंधा पकड़ा। पुलिस ने मौके से रुड़की निवासी जावेद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कई निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं। बरामदगी में 6 तमंचे, 1 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, 1 राइफल, 41 कार्टेज केस और 9 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मौके से बरामद किए गए।

जांच में सामने आया है कि यह अवैध फैक्ट्री जेपीएस सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड की आड़ में चलाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से मिले हथियारों और उपकरणों को कब्जे में लेकर फैक्ट्री को सील कर दिया है।

एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग इस अवैध कारोबार में शामिल थे और इन हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इस अवैध हथियार तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।