बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में LPG संकट! रुद्रपुर में रोड जाम, खटीमा में लंबी लाइनें, पिथौरागढ़ में होम डिलीवरी के आदेश

उत्तराखंड में LPG संकट! रुद्रपुर में रोड जाम, खटीमा में लंबी लाइनें, पिथौरागढ़ में होम डिलीवरी के आदेश

– ‘ब्लैक में खरीदना पड़ा सिलेंडर’: गैस किल्लत पर हरक सिंह रावत का बड़ा आरोप

रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर

देहरादून। देशभर में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच उत्तराखंड में भी हालात को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए सरकार पर हमला बोला,

वहीं दूसरी ओर पिथौरागढ़ प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

देहरादून में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि शनिवार को उन्हें खुद अपने घर के लिए ब्लैक में 1800 रुपये देकर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ा।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कुछ भी बयान दे, लेकिन हकीकत यह है कि बाजार में सिलेंडर ब्लैक में बिक रहे हैं और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

हरक सिंह रावत ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश में गैस और ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने से संकट की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कमी के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट का कारोबार प्रभावित हो रहा है और कई जगहों पर चूल्हे जलाकर खाना बनाने की नौबत आ गई है।

पिथौरागढ़ में घर-घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर

इधर सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी अनिवार्य करने का निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को फोन कर उनके घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए, ताकि लंबी कतारों और भीड़ से बचा जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिले में किसी भी तरह की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही आईओसीएल,

एचपीसीएल और बीपीसीएल के साथ समन्वय कर गैस आपूर्ति करने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है।

कई जिलों में लंबी कतारें, लोगों में नाराज़गी

प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। खटीमा में गैस वितरण की स्थिति खराब होने से लोग सुबह से शाम तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं।

वहीं रुद्रपुर में गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज़ लोगों ने किच्छा बायपास रोड स्थित मोदी मैदान के पास सड़क जाम कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पौड़ी में कालाबाजारी पर कार्रवाई

उधर पौड़ी में जिला प्रशासन ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान एक कैंटीन में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया।

टीम ने मौके से दो घरेलू सिलेंडर जब्त कर लिए और कैंटीन संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रदेश में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और कालाबाजारी को लेकर प्रशासन और सरकार की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटा है।