क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखंड में अपराध और हादसों की पांच बड़ी घटनाएं, एक क्लिक में पढ़ें….

उत्तराखंड में अपराध और हादसों की पांच बड़ी घटनाएं, एक क्लिक में पढ़ें….

रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से अपराध, हादसे और पुलिस कार्रवाई की कई घटनाएं सामने आई हैं। रुद्रपुर में युवक पर जानलेवा हमला हुआ, हरिद्वार में गंगा में नहाते समय युवक बह गया, पिथौरागढ़ में कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

वहीं हल्द्वानी में मोबाइल लूट और ऑनलाइन ठगी का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून हाईवे पर आपत्तिजनक नारे लिखने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रुद्रपुर में युवक पर स्टील पाइप से हमला

रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में एक युवक ने तीन युवकों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक वह अपनी महिला मित्र के साथ टहल रहा था, तभी पिंटू, उमेश और चंदन नाम के युवक वहां पहुंचे और उसकी महिला मित्र पर अभद्र टिप्पणी करने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने स्टील पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर छह टांके लगाए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरिद्वार में गंगा में बहा युवक, तलाश जारी

हरिद्वार के हरकी पैड़ी स्थित सुभाष घाट पर शनिवार रात गंगा में नहाते समय 27 वर्षीय उत्सव जौहरी बह गया। बताया जा रहा है कि रेलिंग से छलांग लगाते समय वह किसी पत्थर से टकरा गया और तेज बहाव में बह गया।

युवक गाजियाबाद का रहने वाला था और दोस्तों के साथ हरिद्वार घूमने आया था। पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।

पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा

सीमांत पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी क्षेत्र में उमरगड़ा के पास दिल्ली नंबर की कार खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में

  • लक्ष्मण सिंह (सेना के जवान)
  • अंकित पांडे
  • आयुष पंत

शामिल हैं। घायल देवेंद्र भट्ट का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि चारों युवक मुनस्यारी घूमने जा रहे थे।

हल्द्वानी में मोबाइल लूट और ऑनलाइन ठगी का खुलासा

हल्द्वानी के मंगलपड़ाव क्षेत्र में मोबाइल लूट के बाद गूगल पे के जरिए 42 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और 26 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण सोलंकी और सचिन सोलंकी के रूप में हुई है।

हाईवे पर आपत्तिजनक नारे लिखने के मामले में गिरफ्तारी

दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर “यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है” लिखने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने देहरादून के सुलेखा, शारदा और जितेंद्र राघव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह घटना 25 फरवरी को मोहंड के पास एलिवेटेड रोड पर हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और भड़काऊ संदेश लिखने के आरोप में कार्रवाई की है।