उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज पांचवां दिन, बजट पर चर्चा के साथ हंगामे के आसार
देहरादून/गैरसैंण। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र 2026-27 का आज पांचवां दिन है। आज सदन में बजट पर विस्तृत चर्चा के साथ कई विभागों के बजट पारित होने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
साथ ही विनियोग विधेयक भी आज पारित होने की संभावना है, जिसके बाद सरकार को विभिन्न विभागों में बजट के अनुसार धन खर्च करने की औपचारिक अनुमति मिल जाएगी।
आज का दिन सत्र के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की ओर से विभागवार बजट को पारित कराने की तैयारी है,
जबकि विपक्ष भी सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतर सकता है। यदि निर्धारित कार्यवाही पूरी हो जाती है तो विधानसभा सत्र को आज ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा सकता है।
वहीं विपक्ष ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने के संकेत दिए हैं। विपक्ष की ओर से नियम 310 के तहत भ्रष्टाचार के मामलों पर चर्चा की मांग उठाई जा सकती है। विपक्ष का आरोप है,
कि राज्य के कई विभागों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं और सरकार को इस पर सदन में जवाब देना चाहिए। ऐसे में सदन में हंगामे के आसार भी बने हुए हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सत्र के दौरान विपक्ष पर हमलावर नजर आए। गुरुवार को सदन में उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा तुष्टीकरण पर आधारित रही है।
ऐसे में बजट चर्चा, विनियोग विधेयक पारित होने और विपक्ष के संभावित हंगामे के कारण विधानसभा सत्र का आज का दिन राजनीतिक और विधायी दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।



