बिग ब्रेकिंग: हल्द्वानी चौपाटी में दो महिला यूट्यूबर भिड़ीं, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने किया चालान

हल्द्वानी चौपाटी में दो महिला यूट्यूबर भिड़ीं, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने किया चालान

हल्द्वानी: हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित चौपाटी में दो महिला यूट्यूबरों के बीच सरेआम विवाद का मामला सामने आया है।

दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक नौबत पहुंच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा था।

दोनों एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो और पोस्ट के जरिए आरोप-प्रत्यारोप लगा रही थीं। बुधवार शाम जब दोनों चौपाटी क्षेत्र में आमने-सामने आईं तो विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही बहस शुरू हो गई।

सूचना मिलने पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक चली बहस के बाद पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले गई और शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि चौपाटी में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर चालान की कार्रवाई की गई है और आगे ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई है।