बिग ब्रेकिंग: 141 प्राथमिक स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, सरकार ने जारी किए ₹5.34 करोड़

141 प्राथमिक स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, सरकार ने जारी किए ₹5.34 करोड़

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के 141 शौचालय-विहीन प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित शौचालय निर्माण के निर्देश दिए हैं।

इसके लिए ₹5.34 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है। सरकार ने अधिकारियों को 31 मार्च तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं को फर्नीचर, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

खासकर बेटियों के लिए सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

सरकार के अनुसार प्रदेश के 11 जिलों के 141 स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं। इनमें टिहरी (53), नैनीताल (25), देहरादून (16), उत्तरकाशी (10), रुद्रप्रयाग (7), बागेश्वर (7), पिथौरागढ़ (6), उधम सिंह नगर (6), चंपावत (5), अल्मोड़ा (4) और पौड़ी (2) विद्यालय शामिल हैं।

इसके अलावा यू-डायस आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 1640 शौचालय बंद पड़े हैं, जिनमें 1560 प्राथमिक और 80 माध्यमिक विद्यालयों के हैं।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 31 मार्च तक सभी निष्क्रिय शौचालयों को चालू कराया जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाए।