राजनीति: बैरिकेडिंग के बावजूद पैदल पहुँचे सुमेंद्र सिंह बोहरा, विधानसभा घेराव में उठाए जनहित के मुद्दे

राजनीति: बैरिकेडिंग के बावजूद पैदल पहुँचे सुमेंद्र सिंह बोहरा, विधानसभा घेराव में उठाए जनहित के मुद्दे

गैरसैंण: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान देवभूमि गैरसैंण में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के युवा नेता सुमेंद्र सिंह बोहरा दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए और प्रदेश से जुड़े जनहित के कई अहम मुद्दों को उठाया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग,

बिगड़ती कानून-व्यवस्था, मानव-वन्यजीव संघर्ष, बिजली दरों में बढ़ोतरी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

विधानसभा घेराव को रोकने के लिए प्रशासन ने गैरसैंण से करीब 12 किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी थी। इसके बावजूद कई कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पैदल चलते हुए आगे बढ़े और,

विधानसभा घेराव में शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का प्रयोग भी किया।

इस दौरान युवा नेता सुमेंद्र सिंह बोहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है, जबकि राज्य की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग और वॉटर कैनन से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

सुमेंद्र बोहरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और प्रदेश की जनता के अधिकारों तथा न्याय की मांग को लेकर यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और पारदर्शी शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार को जवाब देना होगा।