मेडिकल स्टोरों पर छापा, एक दुकान सील। चारधाम मार्गों पर तैनात होंगे 168 बॉन्डधारी डॉक्टर
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में औषधि विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोरों पर अचानक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
विभाग की टीम के पहुंचते ही कई मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
औषधि विभाग की टीम ने रामनगर नगर क्षेत्र और ग्राम गौजानी में कई मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं के रख-रखाव, लाइसेंस, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में तीन मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।
रामनगर की औषधि निरीक्षक डॉ. अर्चना उप्रेती ने बताया कि नगर क्षेत्र और ग्राम गौजानी में संयुक्त छापामार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि दो अन्य मेडिकल स्टोरों में भी कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। इन संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान कुछ दवाओं के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालक दुकानें बंद कर फरार हो गए। ऐसे दुकानों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ भी जल्द विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस दवा बिक्री और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चारधाम यात्रा के लिए 168 बॉन्डधारी डॉक्टरों की तैनाती
उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग को 168 बॉन्डधारी एमबीबीएस डॉक्टर मिल गए हैं। इनमें से अधिकांश डॉक्टरों को आगामी चारधाम यात्रा मार्गों पर तैनात करने की तैयारी की गई है।
इसके अलावा कुछ डॉक्टरों को दूरस्थ क्षेत्रों के अस्पतालों में भी भेजा जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पास आउट हुए इन डॉक्टरों को बॉन्ड व्यवस्था के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात किया जा रहा है।
इनकी सूची डीजी हेल्थ की ओर से सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भेज दी गई है।
इन जिलों में होगी डॉक्टरों की तैनाती
- पौड़ी – 21 डॉक्टर
- टिहरी – 21 डॉक्टर
- चमोली – 20 डॉक्टर
- उत्तरकाशी – 20 डॉक्टर
- रुद्रप्रयाग – 15 डॉक्टर
- पिथौरागढ़ – 23 डॉक्टर
- अल्मोड़ा – 24 डॉक्टर
- चंपावत – 12 डॉक्टर
- बागेश्वर – 12 डॉक्टर
मंत्री रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा को देखते हुए ज्यादातर डॉक्टरों को यात्रा मार्ग से जुड़े अस्पतालों में तैनात किया जाएगा। सभी नियुक्तियां अनुबंध की शर्तों के आधार पर की गई हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई डॉक्टर ड्यूटी से गैरहाजिर रहता है या पद त्याग करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 19 अप्रैल 2026 से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है, क्योंकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो जाती हैं।



