बड़ा हादसा: ओवरटेक के दौरान दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक चालक गंभीर घायल

ओवरटेक के दौरान दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक चालक गंभीर घायल

रामनगर। हल्द्वानी–रामनगर राज्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेलगढ़ के पास करीब सुबह 11 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार वेगनआर कार संख्या UK04X 5944 और स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK14TA 8715 के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वेगनआर कार रामनगर की ओर से आ रही थी, जबकि टैक्सी परमिट वाली स्विफ्ट डिजायर हल्द्वानी से रामनगर की तरफ जा रही थी।

स्विफ्ट डिजायर के चालक विजय बिष्ट ने बताया कि वह हल्द्वानी से रामनगर की ओर अपने वाहन से आ रहा था। इसी दौरान बेलगढ़ के पास सामने से आ रही वेगनआर कार ने तेज रफ्तार में एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक करते समय वेगनआर अनियंत्रित हो गई और सीधे उनकी कार से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। विजय बिष्ट ने बताया कि टक्कर के दौरान उनकी कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। उन्होंने कहा कि अगर एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

हादसे में वेगनआर कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि स्विफ्ट डिजायर टैक्सी ऋषिकेश की है, जबकि वेगनआर कार रामनगर और आसपास के क्षेत्र की बताई जा रही है।

हादसे के बाद रामनगर–हल्द्वानी राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।