जनता दर्शन में DM सविन बंसल का त्वरित एक्शन, 170 शिकायतों में कई मामलों का मौके पर समाधान
- फीस न जमा होने पर परीक्षा से रोकी गई छात्रा की मदद, दिव्यांग बच्चे को 4 हजार मासिक सहायता स्वीकृत, कई जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता व पेंशन
देहरादून। कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुना गया।
कार्यक्रम में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई मामलों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में आने वाले असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ समाधान किया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए।
छात्रा की फीस जमा कर परीक्षा में बैठने का रास्ता साफ
बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो फाईलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई है और स्कूल प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है।
इस पर डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को छात्रा को परीक्षा में बैठाने के लिए स्कूल से समन्वय करने और प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत उसकी फीस जमा कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटना में घायल शमशाद को आर्थिक सहायता
जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और आय का कोई साधन नहीं है। डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
2017 से खेतों में पड़े मलबे का मामला
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने बताया कि पीएमजीएसवाई द्वारा बनाए गए मार्ग से उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान हुआ है और नहर निर्माण के लिए 5.04 लाख रुपये की अवशेष राशि अब तक नहीं मिली।
इस पर डीएम ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों से मौके पर ही जवाब मांगा और 12 मार्च तक समस्या के निस्तारण का लिखित आश्वासन लिया।
दिव्यांग बच्चे को 4 हजार मासिक सहायता
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने आर्थिक तंगी की जानकारी दी। उनका पुत्र दिव्यांग है और पति भी बीमार हैं। जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने और दिव्यांग बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 4000 रुपये प्रतिमाह सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
बेटे की गुंडई से परेशान पिता की सुनवाई
गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि उनका बेटा नशे की लत के कारण घर में आए दिन हुड़दंग करता है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बहू द्वारा प्रताड़ित बुजुर्ग दंपति को राहत
धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर डीएम ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधवा का पेयजल बिल सटलमेंट
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद मजदूरी से जीवनयापन कर रही हैं और उन्हें 34,395 रुपये का पेयजल बिल मिला है जिसे वे जमा करने में असमर्थ हैं। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल सटलमेंट करने तथा शेष राशि का भुगतान रायफल फंड से करने की स्वीकृति दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित व निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



