श्री झंडे जी मेले को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, दरबार साहिब क्षेत्र रहेगा जीरो जोन
देहरादून। श्री झंडे जी मेले के दौरान 8 मार्च को श्री दरबार साहिब के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह जीरो जोन रहेगा। झंडे जी के आरोहण के अवसर पर किसी भी प्रकार के दुपहिया और चौपहिया वाहनों को दरबार साहिब की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात व्यवस्था के तहत बिंदाल से तिलक रोड और तालाब की ओर आने वाले सभी दुपहिया और चौपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
इसी तरह सहारनपुर चौक से श्री दरबार साहिब की ओर भी कोई वाहन नहीं जा सकेगा। पीपल मंडी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं कांवली रोड गुरु राम राय स्कूल की ओर से भी किसी वाहन को दरबार साहिब की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। बैंड बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सहारनपुर चौक, गऊघाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मंडी चौक, तालाब क्षेत्र, भंडारी चौक और गुरुद्वारा मार्ग सहित कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और यहां से सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में निरंजनपुर मंडी से सहारनपुर चौक और बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लालपुल से सहारनपुर चौक आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी की ओर भेजा जाएगा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीमों को भी तैनात किया गया है।



