देहरादून के मशहूर व्लॉगर अनुराग डोभाल का कार एक्सीडेंट, अस्पताल में भर्ती
देहरादून। देहरादून के मशहूर मोटो व्लॉगर और Anurag Dobhal शनिवार (7 मार्च 2026) को एक गंभीर कार हादसे का शिकार हो गए। अनुराग डोभाल को उनके फैंस UK07 Rider या बाबू भैया के नाम से भी जानते हैं।
देखें वीडियो:-
बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले अनुराग इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम कर रहे थे। लाइव के दौरान वे अपने परिवार से जुड़े पुराने विवादों पर बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने इंटर-कास्ट मैरिज के बाद माता-पिता और भाई पर लगाए गए कुछ आरोपों का भी जिक्र किया।
लाइव के दौरान अनुराग काफी भावुक दिखाई दिए। उन्होंने अपनी मां को संबोधित करते हुए कहा – “मां… अगर अगले जन्म में आऊं, तो मुझे प्यार देना…”
तेज रफ्तार में चला रहे थे गाड़ी
जानकारी के मुताबिक अनुराग लाइव के दौरान ही तेज रफ्तार में Toyota Fortuner चला रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार गाड़ी की स्पीड लगभग 140 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक बताई जा रही है।
इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास करते हुए गाड़ी का स्टेयरिंग अचानक मोड़ दिया, जिसके बाद गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे के दौरान इंस्टाग्राम लाइव अचानक बंद हो गया।
लोगों ने निकाला बाहर, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अनुराग डोभाल को मेरठ के Subharti Hospital Meerut में भर्ती कराया गया है।
खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं
सोशल मीडिया और कई सोर्स के मुताबिक फिलहाल उनकी जान को कोई खतरा नहीं है। उन्हें हल्की चोटें और हादसे का शॉक लगा है।
जैसे ही खबर सामने आई, उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनकी सलामती की दुआ करने लगे। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
(नोट: घटना से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।)



