हरिद्वार से देहरादून तक पहुंची ‘कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा’, उपभोक्ता अधिकारों पर दिया गया जोर
देहरादून। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार एवं सेतु फाउंडेशन के सहयोग से तथा कंज़्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी के निर्देशन में जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, भगत सिंह चौक के निकट हरिद्वार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर, हरिद्वार के संजय जैन उपाध्याय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में कंज़्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन अनंत शर्मा, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. एम. सेल्वराज, डॉ. आर.के. थिरु तथा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण तंत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हमेशा प्रमाणित और मानकयुक्त उत्पादों का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी श्रीमती सरिता त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को BIS की विभिन्न गतिविधियों, उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों तथा BIS Care App के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
हरिद्वार में कार्यक्रम के बाद “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” देहरादून स्थित भारतीय मानक ब्यूरो के कार्यालय पहुँची, जहाँ कार्यालय के सभागार में एक अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी ने कंज़्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया की टीम का स्वागत किया।
कार्यक्रम में अनंत शर्मा ने “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव होता है। उन्होंने सभी से जिम्मेदार और सजग उपभोक्ता बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया और उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।



