देहरादून में सड़क हादसे में युवक की मौत, पंतनगर में दुष्कर्म, रुद्रपुर में फायरिंग से युवक घायल
देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देहरादून में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पंतनगर में 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और रुद्रपुर में फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
देखें वीडियो:-
देहरादून: राजपुर रोड पर दर्दनाक हादसा
राजपुर रोड स्थित अकेता होटल के सामने बीती रात दो मोटरसाइकिलों ने एक रेपिडो वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में रेपिडो में सवार अंकित पाल और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित पाल को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की माता की तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज कर दोनों बाइक चालकों को हिरासत में ले लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पंतनगर: 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गार्ड गिरफ्तार
उधम सिंह नगर जिले के पंतनगर स्थित एक विश्वविद्यालय परिसर में 12 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि ठेके पर कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड ने बालिका को बहला-फुसलाकर बंद कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने उसके एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर न करें।
रुद्रपुर: पुरानी रंजिश में चली गोली, युवक गंभीर
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग कर दी गई। घायल युवक की पहचान रवि पुत्र नरेंद्र दिवाकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डिब्डिबा क्षेत्र के कुछ युवकों से उसका पहले से विवाद चल रहा था।
शनिवार शाम डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक ढाबे पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने रवि पर गोली चला दी, जो उसके पेट को छूते हुए निकल गई।
उसे पहले जिला अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
कानून-व्यवस्था पर सवाल
एक ही दिन में सड़क हादसा, दुष्कर्म और फायरिंग जैसी घटनाओं ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तीनों मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।



