बिग ब्रेकिंग: हरिद्वार में छापेमारी, रुद्रपुर में जांच। अफवाह और अपराध पर पुलिस का प्रहार

हरिद्वार में छापेमारी, रुद्रपुर में जांच। अफवाह और अपराध पर पुलिस का प्रहार

हरिद्वार/रुद्रपुर। प्रदेश के दो शहरों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में सख्त कार्रवाई की है। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया, वहीं फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

उधर रुद्रपुर में 112 पर महिला की हत्या की झूठी सूचना से हड़कंप मच गया, जबकि हरिद्वार में सोशल मीडिया पर कथित रिश्वत संबंधी पोस्ट को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है।

सिडकुल में 30 लोगों पर कार्रवाई, 7500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने छापेमारी कर खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 30 लोगों को पकड़कर थाने लाया।

सभी के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 7500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस के अनुसार फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। सभी आरोपियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने की चेतावनी भी दी गई है।

इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार

इसी दौरान सिडकुल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे आरोपी संजू पुत्र सुलेखचंद, निवासी रावली महदूद को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे सिडकुल स्थित चीतल डेयरी के सामने मैदान से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रुद्रपुर में 112 पर झूठी हत्या सूचना

रुद्रपुर की बंगाली इंदिरा कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना मिलने से पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। आपातकालीन सेवा 112 पर मिली कॉल के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी की और घर-घर पूछताछ की, लेकिन जांच में सूचना पूरी तरह झूठी निकली।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कॉल हल्द्वानी क्षेत्र से की गई और कॉलर के नशे में होने की आशंका है। संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि झूठी सूचनाएं पुलिस संसाधनों की बर्बादी करती हैं और वास्तविक आपात स्थितियों को प्रभावित करती हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार में सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती की तहरीर पर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

शिकायत में आरोप है कि 26 फरवरी को फेसबुक पर पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने संबंधी पोस्ट कर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और साइबर सेल की मदद से तकनीकी पड़ताल की जा रही है। वहीं कैश खुराना ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि वह अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सख्ती जारी रहेगी और झूठी सूचना या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।