जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह
देहरादून। जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर रंगों की मनोहारी छटा से सराबोर नजर आया, जहां छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और समूह प्रस्तुतियों सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया और उपस्थित शिक्षकों व छात्रों ने इनका भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर डॉ. शंकर रामामूर्ति ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मकता के रंगों से भरने का माध्यम है।
उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करें और समाज में सकारात्मक योगदान दें।
समारोह के अंत में इंटर-इंस्टीट्यूशनल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। कुलपति ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
अंत में सभी ने प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ एक-दूसरे को रंग लगाकर होली पर्व का संदेश साझा किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



