बड़ी खबर: होली पर दून अस्पताल अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं। डॉक्टरों और स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी

होली पर दून अस्पताल अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं। डॉक्टरों और स्टाफ की अतिरिक्त ड्यूटी

देहरादून। रंगों के त्योहार होली को देखते हुए राजधानी देहरादून स्थित Government Doon Medical College Hospital ने विशेष मेडिकल एडवाइजरी जारी की है।

होलिका दहन और बड़ी होली के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार होली के दौरान अक्सर केमिकल युक्त रंगों के दुष्प्रभाव, त्वचा एलर्जी, आंखों में रंग या रसायन चले जाने, कान-नाक-गला संबंधी समस्याएं, हुड़दंग के कारण चोट लगना और हड्डी टूटने जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। इन संभावित मामलों को देखते हुए अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

फूड प्वाइजनिंग और पेट संबंधी मामलों पर भी नजर
त्योहार के दौरान बाहर के खाने-पीने की वजह से फूड प्वाइजनिंग और पेट संबंधी शिकायतों में भी इजाफा होता है। इसे ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी वार्ड में विशेष निगरानी रखी जाएगी। अस्पताल की 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह संचालित रहेंगी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों को किया गया अलर्ट

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने अपील की है कि होली खेलते समय सावधानी बरतें और केमिकल युक्त रंगों से बचें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होती है तो तुरंत अस्पताल पहुंचें, जहां आपातकालीन सेवाओं में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

डॉ. बिष्ट ने बताया कि फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विशेषज्ञों को छोटी और बड़ी होली के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

अस्पताल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार को सुरक्षित और संयमित तरीके से मनाएं, ताकि अनावश्यक चिकित्सीय आपात स्थितियों से बचा जा सके।