क्राइम अलर्ट: एक दिन में कई गंभीर मामलों का खुलासा। आप भी पढ़ें….

एक दिन में कई गंभीर मामलों का खुलासा। आप भी पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को अपराध, हादसे और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आईं। रुद्रपुर में सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा हुआ तो वहीं जसपुर में मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

नैनीताल जिले में पुलिस ने सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। हरिद्वार जिले के लक्सर और पथरी क्षेत्रों से भी गंभीर आपराधिक मामले सामने आए हैं।

रुद्रपुर: बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप

रुद्रपुर जनपद के जसपुर क्षेत्र के निजामगढ़ गांव में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद बड़ों की हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नैनीताल: ड्रग फ्री अभियान में 7 तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल जिले में “ड्रग फ्री देवभूमि मिशन” के तहत भीमताल, मुखानी और बनभूलपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों से 434 ग्राम चरस, 399 ग्राम डोडा और 46 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

लक्सर: दुष्कर्म से आहत किशोरी ने खाया जहर

लक्सर क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया।

घटना से आहत होकर किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रुद्रपुर गैंगरेप: देवर निकला साजिशकर्ता

रुद्रपुर में 22 फरवरी को हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, पीड़िता का देवर ही वारदात का मास्टरमाइंड निकला।

उसने अपने परिचितों को बुलाकर सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिलाया। तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि एक आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है।

अल्मोड़ा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास कार खाई में गिरने से 11 महीने के मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पथरी: नाबालिग किशोरी का अपहरण

हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम की झूठी सूचना

लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम होने की झूठी सूचना देकर अफवाह फैलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी और बम निरोधक दस्ते ने घंटों जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।