बिग ब्रेकिंग: बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा। हाईस्कूल हिंदी पेपर के दौरान 8 ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार

बोर्ड परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा। हाईस्कूल हिंदी पेपर के दौरान 8 ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार

हरिद्वार। हाईस्कूल हिंदी बोर्ड परीक्षा के दौरान हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे 8 ‘मुन्ना भाई’ पकड़े गए हैं।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को कुछ परीक्षार्थियों की पहचान पर संदेह हुआ। गहन जांच करने पर एडमिट कार्ड में फोटो बदलने का मामला उजागर हुआ। जांच के दौरान चार छात्र और चार छात्राएं क्रमशः बेनकाब हुईं, जो वास्तविक अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दे रही थीं।

केंद्र प्रशासन ने तत्काल सभी संदिग्धों की उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर सील कर दीं और मामले को गोपनीय अनुभाग को भेज दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे संगठित नेटवर्क काम कर रहा हो सकता है। पुलिस स्कूल स्टाफ और बाहरी संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े करने वाले इस मामले के बाद शिक्षा विभाग भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी स्तर पर मिलीभगत पाई गई तो संबंधित कर्मियों पर भी कार्रवाई होगी।