बिग ब्रेकिंग: क्रिकेट बना कातिल खेल। मामूली विवाद में डंडे के वार से मासूम की मौत

क्रिकेट बना कातिल खेल। मामूली विवाद में डंडे के वार से मासूम की मौत

रुड़की में बच्चों का खेल अचानक खूनी वारदात में बदल गया। जहां बल्ला-गेंद चलनी थी, वहां डंडा चला और एक मासूम की सांसें हमेशा के लिए थम गईं।

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली झगड़ा कुछ ही मिनटों में हिंसा में बदल गया।

बताया जा रहा है कि खेल के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक किशोर ने गुस्से में 12 वर्षीय भानु के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि भानु मौके पर ही गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

आसपास मौजूद बच्चों और लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।

इस मामले में एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा कर रही है कि बच्चों के बीच होने वाले मामूली विवाद किस तरह अचानक गंभीर अपराध का रूप ले लेते हैं।