धामी कैबिनेट की बैठक में 27 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 1.11 लाख करोड़ का बजट मंजूर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में कुल 27 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए जाने वाले बजट को भी कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार बजट में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस वर्ष 1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा। बजट में आवश्यक संशोधन संबंधी निर्णय के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत कर दिया है।
कैबिनेट के प्रमुख निर्णय
- 1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत।
- यूआईआईडीबी (Uttarakhand Infrastructure & Industrial Development Board) के ढांचे में 14 नवीन पद सृजित किए जाने को मंजूरी। पूर्व से सृजित सहायक महाप्रबंधक (लेखा/लेखाकार) के पदनाम में परिवर्तन तथा ऑफिस बॉय के मानदेय संशोधन को भी स्वीकृति।
- मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना में 21 अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों को शामिल करने का निर्णय।
- उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद उत्तराखंड पुस्तकालय योजना को मंजूरी।
उत्तराखंड वन विभाग सर्वेक्षक सेवा नियमावली 2010 में संशोधन को स्वीकृति। - शहरी विकास विभाग के तहत प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में पर्यावरण अभियंता के पद सृजित किए जाएंगे। इन पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती होगी।
- सेब की अत्याधुनिक नर्सरी विकास योजना 2026 को मंजूरी।
- मौन पालन नीति 2026 को स्वीकृति।
मंत्रिमंडल के इन निर्णयों को राज्य के बुनियादी ढांचे, उच्च शिक्षा, पर्यावरण प्रबंधन और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



