रांची-दिल्ली एयर एम्बुलेंस चतरा में क्रैश, सभी 7 लोगों की मौत; DGCA ने शुरू की जांच
रांची। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया स्थित बरियातू पंचायत इलाके में सोमवार शाम रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। राज्य प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की नॉन-शेड्यूल्ड ऑपरेटर कंपनी Redbird Airways Private Limited का यह एयरक्राफ्ट सोमवार शाम 7:11 बजे रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।
टेकऑफ के करीब 20 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान सिमरिया क्षेत्र में क्रैश हो गया।
चतरा की डिप्टी कमिश्नर कीर्तिश्री ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई है। एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के अनुसार, सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।
मृतकों की पहचान कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार (41), डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार को 65 प्रतिशत तक जलने की हालत में रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाया जा रहा था।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीज को शाम करीब 4:30 बजे एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली रवाना किया गया था।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि खराब मौसम दुर्घटना की एक संभावित वजह हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।



