दिल्ली में बम की धमकी से हड़कंप। लाल किला-विधानसभा समेत दो स्कूल खाली, जांच जारी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह बम की धमकी भरे ई-मेल से हड़कंप मच गया। धौला कुआं स्थित Army Public School और लोधी रोड स्थित,
Air Force Bal Bharati School को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके साथ ही लाल किला और दिल्ली विधानसभा को भी धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। एहतियातन दोनों स्कूलों को खाली करा लिया गया और छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल सुबह करीब 7 बजे प्राप्त हुआ, जिसमें 9 बजकर 11 मिनट पर धमाके की चेतावनी दी गई थी। साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है।
एहतियात के तौर पर गुरुग्राम के राजीव चौक स्थित एयर फोर्स स्कूल को भी खाली कराया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



