बिग ब्रेकिंग: शिक्षा निदेशालय मामले में विधायक काऊ के गनर ने भी दर्ज कराया मुकदमा

शिक्षा निदेशालय मामले में विधायक काऊ के गनर ने भी दर्ज कराया मुकदमा

रिपोर्ट- राजकुमार धीमान
ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में गुरुवार को हुए बवाल के बाद मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। अब रायपुर क्षेत्र से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के सुरक्षाकर्मी ने भी अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

इससे पहले मारपीट के मामले में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर रायपुर पुलिस विधायक काऊ और अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चुकी है।

क्या है गनर की तहरीर में?

विधायक के गनर सुधीर बहुगुणा के अनुसार, विधायक दोपहर करीब 12:30 बजे विद्यालय का नाम भूमिदान करने वालों के नाम पर रखने संबंधी पत्र की प्रगति जानने और शासन को भेजी गई फाइल की प्रति लेने निदेशालय पहुंचे थे।

तहरीर में कहा गया है कि विधायक के पहुंचते ही कुछ लोगों ने अचानक शोर-शराबा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन उठाकर विधायक की ओर फेंका, जो उनके पास से गिरते हुए किसी अन्य व्यक्ति को लग गया। इसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर भीड़ को भड़काने का प्रयास किया। हंगामे के बीच कमरे का ताला बाहर से लगा दिया गया, जिससे विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी भीतर ही बंद रह गए।

गनर का कहना है कि कुछ लोगों ने कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मियों ने विधायक को भीड़ से निकालकर सुरक्षित वाहन तक पहुंचाया।

सुनियोजित साजिश का आरोप

तहरीर में पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताया गया है। रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने पुष्टि की है कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद से निदेशालय परिसर में तनाव बना हुआ है और दोनों पक्षों की ओर से लगातार नए आरोप सामने आ रहे हैं।

शनिवार को निदेशक पर हमला

गौरतलब है कि शनिवार दोपहर शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर उनके ही कक्ष में जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वे घायल हो गए। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।