बिग ब्रेकिंग: मोहब्बेवाला चौक पर पलटा ट्रक, कार समेत दोनों वाहनों में लगी भीषण आग

मोहब्बेवाला चौक पर पलटा ट्रक, कार समेत दोनों वाहनों में लगी भीषण आग

देहरादून। राजधानी के व्यस्ततम चौराहों में शामिल मोहब्बेवाला चौक पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई।

एक अनियंत्रित ट्रक अचानक कार के ऊपर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहनों में आग लग गई और पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया।

तेज धमाके से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक संतुलन खो बैठा और सामने चल रही कार को रौंदते हुए उसके ऊपर पलट गया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों और घरों से लोग बाहर निकल आए। आग की लपटें उठती देख मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

टाइल्स से लदा था ट्रक

जानकारी के अनुसार ट्रक टाइल्स से भरा हुआ था। पलटते ही उसका डीजल टैंक फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे।

गनीमत रही कि आग भड़कने से पहले ही कार सवार और ट्रक चालक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट किया और रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित रूप से संपन्न कराया। इसके बाद जले हुए वाहनों और मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया गया।

यातायात पर असर

हादसे के कारण मोहब्बेवाला चौक पर लंबा जाम लग गया। कार्यालय और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में जुटी रही।

जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में तो नहीं था।

टल गया बड़ा हादसा

यदि कार सवार और ट्रक चालक समय रहते बाहर न निकलते, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।