कनिष्ठ सहायक भर्ती में रिक्त पदों पर फिर मौका, आयोग ने जारी की नई सूची
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक एवं अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत अभिलेख सन्निरीक्षा (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए नई औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। यह कार्रवाई विज्ञापन संख्या 64/उ०अ०से०च०आ०/2024 (दिनांक 04 अक्टूबर, 2024) के अंतर्गत की जा रही है।
19 जनवरी 2025 को हुई थी लिखित परीक्षा
आयोग द्वारा संबंधित पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा 19 जनवरी, 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 28 मार्च, 2025 को टंकण परीक्षा हेतु औपबंधिक श्रेष्ठता सूची प्रकाशित की गई।
पुनः 27 नवंबर, 2025 को अभिलेख सन्निरीक्षा के लिए औपबंधिक सूची जारी की गई थी, जिसके तहत 01 दिसंबर, 2025 से 01 जनवरी, 2026 तक आयोग कार्यालय में दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
अनुपस्थित और अयोग्य अभ्यर्थियों के कारण रिक्त पद
आयोग के अनुसार, अभिलेख सन्निरीक्षा में कुछ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे या विज्ञापित पद के अनुरूप आवश्यक शैक्षिक अर्हता प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते रिक्त रह गए पदों के सापेक्ष संबंधित श्रेणी के अभ्यर्थियों की नई औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in
पर प्रकाशित की गई है।
19 फरवरी 2026 को होगी दस्तावेज़ जांच
नई सूची में शामिल अभ्यर्थियों की अभिलेख सन्निरीक्षा:-
- 19 फरवरी, 2026
- प्रातः 09:30 बजे
- आयोग कार्यालय, देहरादून
अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि व समय पर सभी मूल प्रमाणपत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों।
अंतिम चयन सूची जल्द
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभिलेख सन्निरीक्षा में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों और उनके द्वारा दी गई पद वरीयता के आधार पर अंतिम चयन संस्तुति की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी नवीनतम जानकारी और सूची आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।



