बिग ब्रेकिंग: युवक-युवती हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बिग ब्रेकिंग: युवक-युवती हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी की बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

12 फरवरी 2026 की सुबह बड़ी मंडी इलाके में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। प्रथम दृष्टया दोनों की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई थी।

मृतकों की पहचान शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया निवासी ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर समेत सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना के समय सभी आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़खानी की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की और फिर राज खुलने के डर से लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया।

पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट के मामले भी शामिल हैं। दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।