बिग ब्रेकिंग: अर्जुन हत्याकांड मामले में मां समेत चार गिरफ्तार

अर्जुन हत्याकांड मामले में मां समेत चार गिरफ्तार

देहरादून। कर्नल के बेटे और अमरजीत गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मृतक की मां बीना शर्मा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या के आरोप में बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उसकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक अजय खन्ना को गिरफ्तार किया गया है।

इन सभी के खिलाफ अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा ने बुधवार को एफआईआर दर्ज कराई थी। इससे पहले तड़के मुठभेड़ के दौरान दो शूटरों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

गुरुवार देर शाम पत्रकार वार्ता में एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अर्जुन शर्मा की हत्या राजू राणा और पंकज राणा (निवासी यमकेश्वर, पौड़ी) ने 12 लाख रुपये की सुपारी लेकर की। बुधवार को तिब्बती मार्केट के पास राजू राणा ने अर्जुन शर्मा के सीने में गोली मारी थी।

वारदात के बाद दोनों भाई फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पीछा करते हुए बुधवार तड़के मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी।

पूछताछ में शूटरों ने बताया कि हत्या की साजिश में अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा की भूमिका थी। कुल 12 लाख रुपये में सुपारी तय हुई थी, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

यह रकम बीना शर्मा के पुराने साथी विनोद उनियाल ने उपलब्ध कराई थी। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों ने भी साजिश को अंजाम तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

जांच में यह भी सामने आया है कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां और उनके सहयोगियों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जीएमएस रोड स्थित अमरजीत गैस एजेंसी की संपत्ति का लगभग 14 करोड़ रुपये में सौदा हुआ था, जिसमें से 8 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका था।

शेष भुगतान और मालिकाना हक को लेकर विवाद गहराता गया। इसी विवाद के चलते अर्जुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।