बिग ब्रेकिंग: 400 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दबोचा, साथी फरार

बिग ब्रेकिंग: 400 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दबोचा, साथी फरार

हल्द्वानी और रामनगर में महिलाओं से मंगलसूत्र लूट की सनसनीखेज वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मैनुअल इंटेलिजेंस के दम पर पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज (36) पुत्र नंदराम, निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ रामपुर में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर क्षेत्रों में भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसका साथी बाइक से महिलाओं को निशाना बनाते थे। मुखानी थाना क्षेत्र की बीना पाठक, फतेहपुर की 75 वर्षीय कमला देवी और रामनगर की विजयलक्ष्मी  इन तीनों महिलाओं के गले से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपटे थे।

वारदात का तरीका बेहद शातिराना था। आरोपी पहले किसी दुकान का सामान लेने या पता पूछने का बहाना बनाते थे। जैसे ही महिला असावधान होती, बाइक सवार झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लेते और फरार हो जाते। वारदातें भीड़भाड़ वाले इलाकों में अंजाम दी गईं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

400 सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध बाइक की पहचान की। जांच के दौरान HR 29 AF 2325 नंबर की बाइक के कालाढूंगी से हल्द्वानी आने की सूचना मिली।

कालाढूंगी रोड पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर फिरोज को दबोच लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से सतर्क रहने की अपील की है। संदिग्ध व्यक्तियों या बाइक सवारों की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।