अपराध से जुड़ी 8 बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….
- रुद्रपुर से मसूरी तक घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, पुलिस जांच में जुटी
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखेड़ा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। पेड़ से लटका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र, निवासी बिलारी, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर के सीओ प्रशांत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
रामनगर (नैनीताल)
निकाह का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में छोड़ देने का गंभीर मामला सामने आया है। मानसिक रूप से टूट चुकी युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।
रुड़की (हरिद्वार)
महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल किया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
देहरादून
दून इंटरनेशनल स्कूल के सामने छात्रा के अपहरण की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस जांच में यह खबर पूरी तरह अफवाह निकली।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट हुआ कि महिला केवल स्कूल फीस से संबंधित जानकारी ले रही थी। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी और बच्चों की काउंसलिंग भी कराई गई है।
उत्तरकाशी
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मल्ला के पास बीआरओ का ओवरलोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक सत्येंद्र असवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
रुड़की (पिरान कलियर)
प्रसाद की दुकान से चांदी के पत्ते और कीमती चादरें चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों आरिश और शहादत के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मसूरी
आईटीबीपी अकादमी से दुखद खबर सामने आई है। पिथौरागढ़ यूनिट से ड्यूटी पर आए आईटीबीपी जवान कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा (38) ने अपने आवासीय कक्ष में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आईटीबीपी कैंप में शोक का माहौल है।
लामाचौड़ (नैनीताल)
चलती हुई टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।



