बिग ब्रेकिंग:कारगी कूड़ा डंपिंग जोन के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम में किया प्रदर्शन

कारगी कूड़ा डंपिंग जोन के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम में किया प्रदर्शन

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी कूड़ा डंपिंग जोन को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी महिलाएं प्रतीकात्मक रूप से कूड़ा लेकर नगर निगम पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए सरकार और नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि कारगी डंपिंग जोन से लगातार फैल रही दुर्गंध, प्रदूषण और बीमारियों का खतरा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है।

उन्होंने बताया कि करीब चार महीने पहले महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर जिलाधिकारी और नगर निगम को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि डंपिंग जोन के नाम पर नगर निगम ने वहां कूड़े का पहाड़ खड़ा कर दिया है। कूड़े के उचित निस्तारण और प्रोसेसिंग की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास की रिहायशी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों की शिकायत है कि कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन उसे हटाने या वैज्ञानिक तरीके से निपटाने की दिशा में कोई प्रयास नहीं हो रहा।

उन्होंने बताया कि सोमवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने कारगी डंपिंग जोन से पांच बड़ी पॉलीथिन में कूड़ा भरा और विरोध स्वरूप उसे नगर निगम कार्यालय लाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का कहना है कि जनस्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण की मांग को लेकर उन्हें नगर निगम कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि स्वच्छता का दावा करने वाली सरकार के अधीन आने वाला नगर निगम ही अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रहा है। कारगी में

स्वच्छ देहरादून, स्वस्थ देहरादून”

का नारा लगे बोर्ड के पास ही कूड़े के ढेर दिखाई देना प्रशासनिक दावों की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून के कई इलाकों में यही हाल है, जहां जगह-जगह कूड़ा बिखरा पड़ा है।