बिग ब्रेकिंग:भालू के हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

भालू के हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष का एक और मामला सामने आया है। अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम जलई में मंगलवार सुबह घास लेने जंगल गई एक बुजुर्ग महिला पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना 10 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान निशा देवी (60 वर्ष), पत्नी विजय पाल के रूप में हुई है। वह अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

भालू ने महिला के सिर और शरीर पर गहरे नाखून मारे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला,

अस्पताल रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन सिर में खून का थक्का जमने और गंभीर चोटों के कारण उन्हें विशेष इलाज की आवश्यकता है।

लगातार हो रहे भालू के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। खासकर जंगल में घास और लकड़ी लेने जाने वाली महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, जागरूकता अभियान चलाने और सुरक्षा उपाय जैसे सोलर फेंसिंग लगाने की मांग की है।