प्रेम और निकाह के नाम पर धोखा: युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास, युवक पुलिस गिरफ्त में
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने निकाह का झांसा देकर 23 वर्षीय युवती से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे छोड़ दिया।
धोखे और मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता की मां की तहरीर पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले युवती को प्रेमजाल में फंसाया और निकाह का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। समय बीतने के साथ वह लगातार निकाह को टालता रहा।
पीड़िता की मां ने बताया कि 1 फरवरी को आरोपी युवक निकाह की बात कहकर युवती को काशीपुर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद युवक ने युवती से संपर्क तोड़ लिया। बाद में पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है।
इस धोखे से मानसिक रूप से आहत युवती ने खौफनाक कदम उठाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।



