बिग ब्रेकिंग:श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 5304 मरीजों ने उठाया लाभ

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 5304 मरीजों ने उठाया लाभ

प्रकटोत्सव पर गरीबों के लिए संजीवनी बना सेवा दिवस, 2000 से अधिक मरीजों को मिली महंगी जांचें मुफ्त

देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन एवं पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव) के पावन अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून द्वारा आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर हजारों जरूरतमंदों के लिए संजीवनी साबित हुआ।

इस सेवा दिवस पर कुल 5304 मरीजों ने सामान्य एवं सुपरस्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया।

इस शिविर में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा सहारनपुर, बिजनौर, धामपुर और पोंटा साहिब जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में गरीब और असहाय मरीज पहुंचे। अस्पताल द्वारा आयोजित यह शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आया।

मंगलवार को अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर के दौरान एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और सभी प्रकार की लैब जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। खास बात यह रही कि 2000 से अधिक मरीजों ने ऐसी महंगी जांच सुविधाओं का लाभ उठाया,

जो आमतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पहुंच से बाहर होती हैं। चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को तीन दिन की दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।

शिविर में सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ सभी सुपरस्पेशलिटी सेवाएं भी मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। यह उत्तराखंड का संभवतः पहला ऐसा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रहा,

जिसमें एमआरआई, सीटी स्कैन, एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी जैसी महंगी जांचें और प्रक्रियाएं भी बिना किसी शुल्क के की गईं।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 10 फरवरी को सेवा दिवस के रूप में श्रद्धा, सेवा और समर्पण भाव से मनाया गया।

उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से पंजीकरण शुरू हुआ और 9 बजे से मरीजों की भारी भीड़ अस्पताल पहुंचने लगी थी। शिविर दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पूरी निष्ठा से मरीजों का परीक्षण और उपचार किया।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज का संकल्प है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सेवाएं बिना किसी भेदभाव के पहुंचें।

इसी संकल्प को साकार करते हुए शिविर में पंजीकृत मरीजों के ऑपरेशन एवं अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाएं भी पूर्णतः निःशुल्क कराई गईं।

शिविर में उपचार पाकर लौटे मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित यह सेवा दिवस केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की जीवंत मिसाल बनकर सामने आया है।