घनसाली में लापता बुजुर्ग महिला का कंकाल मिलने से सनसनी, जंगली जानवर के हमले की आशंका
टिहरी : घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव से लापता चल रही 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला विक्र देवी का कंकाल रविवार को पदोखा गांव के पास गदेरे में झाड़ियों के बीच मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
कंकाल के साथ महिला के कपड़े और खोपड़ी के अवशेष भी बरामद हुए हैं, जिनसे परिजनों ने मृतका की पहचान की।
जानकारी के अनुसार, विक्र देवी 27 जनवरी से लापता थीं। कई दिन तक घर न लौटने पर परिजनों ने 4 फरवरी को घनसाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी,
इसी दौरान रविवार को ग्रामीणों ने गदेरे में झाड़ियों के बीच कपड़े और कंकाल देखे, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आशंका है,
कि महिला किसी जंगली जानवर का शिकार हुई हो सकती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



