राजनीति: उत्तराखंड में बदली सियासी हवा? विपक्ष के सैकड़ों नेता भाजपा में शामिल
देहरादून: उत्तराखंड में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। चुनाव से एक साल से भी कम समय शेष रहने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
इसी क्रम में देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से सैकड़ों विपक्षी नेता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवागंतुकों को पार्टी का पटका पहनाकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
कांग्रेस पर कटाक्ष
नवागंतुकों को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें आज का दृश्य देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक राजनीति और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के कारण भाजपा विपक्षियों का भी विश्वास जीतने में सफल हो रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा,
“हम सब विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एकजुट हो रहे हैं। विभिन्न विधानसभाओं से सैकड़ों लोगों का भाजपा की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों में विश्वास जताना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है।”
राजनीतिक हवा का रुख स्पष्ट
भट्ट ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, कर्मचारी और कांग्रेस, यूकेडी, बसपा व निर्दलीय दलों से जुड़े जनप्रतिनिधि शामिल हैं। यह स्थिति 2027 के चुनाव से पहले प्रदेश में बदलती राजनीतिक फिजा और भाजपा के पक्ष में बनती हवा को दर्शाती है।
कई जिलों से बड़े नाम शामिल
कार्यक्रम में पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, कर्णप्रयाग, थराली, घनसाली, ऋषिकेश, रुड़की, राजपुर, कोटद्वार और हरिद्वार विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इनमें नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, सभासद, पूर्व सैनिक और छात्र संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल रहे।
14 फरवरी को होगी प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक
महेंद्र भट्ट ने बताया कि नई संगठनात्मक संरचना के बाद भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक 14 फरवरी को आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे।
इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन का एकमात्र आधार जीत की संभावना होगी। सभी विधायकों और नेताओं को अपनी-अपनी विधानसभा में सक्रिय रहने और सरकार की उपलब्धियों को ज़मीन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
विपक्ष की महापंचायत पर हमला
विपक्ष की हालिया महापंचायत को लेकर महेंद्र भट्ट ने उसे पूरी तरह फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर सरकार पहले ही कार्रवाई कर चुकी है,
उन पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता ने देख लिया है कि सामाजिक आंदोलन की आड़ में राजनीतिक झंडों की होड़ लगी रही, जबकि आम जनता ने इससे दूरी बनाए रखी।
भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि महापंचायत में शामिल होने वालों से अधिक विपक्षी नेता आज भाजपा में शामिल होने पहुंचे हैं।



